@जे0 के0…….

Sonbhdra । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनभद्र ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, रॉबर्ट्सगंज में पत्रकार वार्ता आयोजित कर सत्र 2026-27 के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान परिषद ने जिले में 22,185 विद्यार्थियों एवं 250 शिक्षकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया।
वक्ताओं ने बताया कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सदस्यता अभियान जिले के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंटर कॉलेजों तथा व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में चलाया जाएगा। इसके तहत छात्र संवाद, परिचय वर्ग, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं, छात्र सम्मेलन, संगोष्ठियां और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आयोजित अभाविप के 65वें प्रांत अधिवेशन में सोनभद्र में प्रदेश के प्रथम खनिज विद्यालय (मिनरल स्कूल) की स्थापना तथा माइनिंग से संबंधित उच्च शिक्षा पाठ्यक्रम शुरू किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। परिषद ने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए खनिज विद्यालय की स्थापना और माइनिंग पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। परिषद ने इसे जिले के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरकार से जल्द इसे धरातल पर उतारने की मांग की।
पत्रकार वार्ता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन निषाद, प्रांत संयोजक अनमोल सोनी, विभाग संयोजक अमन जायसवाल, अमन तथा जिला संयोजक राहुल जालान ने संबोधित किया। इस अवसर पर नगर मंत्री धर्मेश पाण्डेय, सक्षम पाण्डेय, सत्यम शुक्ला सहित परिषद के कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।





