संवाददाता@सतीश कुमार……

घोरावल ब्लॉक के ग्राम पंचायत खटौली स्थित प्राथमिक विद्यालय की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल पिछले करीब दो वर्षों से टूटी पड़ी है, जबकि मुख्य गेट लम्बे समय से गायब है। ऐसे में विद्यालय परिसर में आवारा पशुओं और अन्य जीव-जंतुओं का आसानी से प्रवेश हो जाता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
स्थानीय युवा धनंजय ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल करीब दो साल पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। बाउंड्री वॉल टूटी होने के कारण विद्यालय परिसर में आवारा पशु खुलेआम घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों को पढ़ाई और खेलकूद के दौरान डर का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण प्रवेश कुमार ने बताया कि विद्यालय का मुख्य गेट भी पिछले लगभग दस वर्षों से टूटा हुआ या गायब है। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में बच्चों का ध्यान पढ़ाई से भटकता है और अभिभावकों में भी चिंता बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग की है।

वहीं, ग्राम प्रधान ने बताया कि आंधी-तूफान के दौरान विद्यालय की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आवारा मवेशियों और विषैले जीव-जंतुओं के विद्यालय परिसर में प्रवेश का खतरा बना रहेगा, जिससे बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

ग्राम प्रधान ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल का पुनर्निर्माण तथा मुख्य गेट की स्थापना शीघ्र कराई जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।






