संवाददाता@विशाल टंडन…..
18 से 50 वर्ष के बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा स्वरोजगार का प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की भी दी जाएगी जानकारी

जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र द्वारा 10 अगस्त 2026 से 12 दिवसीय निःशुल्क बकरी पालन प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण अग्रणी बैंक इण्डियन बैंक के सहयोग से संचालित होगा।
आरसेटी के निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान बकरी पालन के आधुनिक तरीकों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, बैंक ऋण के लिए आवेदन प्रक्रिया तथा स्वरोजगार स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में जनपद के बीपीएल एवं SECC-2011 परिवारों के सदस्यों तथा दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा तथा इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय में आवेदन कर साक्षात्कार के उपरांत इसमें शामिल हो सकेंगे।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी आरसेटी, सरकारी आईटीआई के बगल, टोल प्लाजा के पश्चिम, लोढ़ी (राबर्ट्सगंज), सोनभद्र स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। संस्थान ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।






