मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत सोमवार को आबकारी विभाग ने बीजपुर क्षेत्र में छापेमारी की। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दुद्धी रविनंदन के नेतृत्व में आबकारी टीम ने स्थानीय थाना बीजपुर पुलिस के साथ नेमना, डोढहर, बीजपुर स्वीपर बस्ती और एनटीपीसी गेट के पीछे संदिग्ध घरों, झुग्गी-झोपड़ियों व अन्य स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 35 लीटर कच्ची शराब और 500 किलोग्राम लहन बरामद किया। टीम ने मौके पर ही शराब बनाने के लिए संचालित दो भट्ठियों को नष्ट कर दिया। बरामद लहन को भी नष्ट किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अभियोग दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में रोड चेकिंग भी की। इसके साथ ही चखना की दुकानों पर भी दबिश देकर जांच की गई।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवैध और कच्ची शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। आबकारी विभाग के अनुसार अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

