ब्यूरो@जे0 के0…..
SNCU में चल रहा इलाज, बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के बेलछ स्थित टोला अगरडीहवा में शुक्रवार को एक अज्ञात नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने चोपन पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए नवजात को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में ले लिया। फिलहाल नवजात का जिला अस्पताल स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में चिकित्सकीय निगरानी में उपचार चल रहा है।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में 20 नवंबर 2026 को की गई। नवजात मिलने की सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम थाना चोपन पुलिस के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शिशु को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

रेस्क्यू अभियान में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर तथा थाना चोपन के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी रामज्ञान सिंह यादव सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

रेस्क्यू के बाद नवजात को तत्काल जिला अस्पताल सोनभद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया। फिलहाल शिशु SNCU में डॉक्टरों की निगरानी में है। वहीं, नवजात को नियमानुसार बाल कल्याण समिति सोनभद्र के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि उसकी सुरक्षा, देखभाल और भविष्य को लेकर नियमानुसार निर्णय लिया जा सके।

इस संबंध में चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी कोई बच्चा असहाय, असुरक्षित या संकट की स्थिति में दिखाई दे तो उसकी अनदेखी न करें। तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचा सकती है। बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।