ब्यूरो@जे0 के0……
मध्य प्रदेश बॉर्डर से विंढमगंज तक बनेगा फोरलेन, डीएम चर्चित गौड़ ने एक माह में सर्वे पूरा करने के दिए निर्देश

Sonbhadra । सोनभद्र में सड़क यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) का करीब 91 किलोमीटर तक फोरलेन चौड़ीकरण किए जाने की तैयारी तेज हो गई है। इस परियोजना के तहत मध्य प्रदेश बॉर्डर से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला और दुद्धी होते हुए विंढमगंज तक सड़क को फोरलेन बनाया जाना प्रस्तावित है। इससे खासकर अनपरा और रेणुकूट के लोगों को आए दिन लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में फोरलेन निर्माण के लिए सड़क के संरेखण (अलाइनमेंट) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह सोनभद्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर गंभीरता से कार्य करें, ताकि डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके।

उन्होंने राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम को निर्देश दिया कि सड़क के प्रस्तावित संरेखण का सर्वे एक माह के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही सर्वे के दौरान आवश्यक अभिलेखीय और स्थलीय कार्यवाही समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा, जिससे परियोजना में अनावश्यक देरी न हो।
प्रस्तावित योजना के तहत करीब 91 किलोमीटर लंबे NH-39 का चौड़ीकरण भारत सरकार द्वारा कराया जाना है। फोरलेन बनने से अनपरा और रेणुकूट जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। वहीं दुद्धी और विंढमगंज क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

इस परियोजना के पूरा होने से न केवल आम नागरिकों का सफर आसान होगा, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों, माल परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार शामिल हुए। इस दौरान डीएफओ रेणुकूट कमल कुमार सहित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।