संवाददाता@उमेश सिंह……

अनपरा थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पीड़ित के खाते में ₹4,70,268.84 की पूरी धनराशि वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
अनपरा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर,निवासी सलीम पुत्र बाके राय के साथ गत मार्च को अज्ञात साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी की थी।ठगों ने झांसा देकर उनके खाते से ₹4,70,268.84 निकाल लिए थे।घटना के बाद पीड़ित ने अनपरा थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराया गया लगातार की गई पैरवी और आवश्यक कार्रवाई के बाद ठगी गई पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने उत्तर प्रदेश पुलिस और अनपरा थाना की साइबर हेल्प डेस्क का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से फोन पर बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।





