संवाददाता@विशाल टंडन……
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत, पेपर लीक के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में घायल युवाओं के समर्थन और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर रविवार को रॉबर्ट्सगंज में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। सुप्रिया सिंह राजपूत के नेतृत्व में आरटीएस क्लब, रॉबर्ट्सगंज से निकला मार्च नगर के मध्य स्थित बाल उद्यान से शुरू होकर नगर पालिका परिषद परिसर पहुंचा।
यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कैंडल अर्पित कर आंदोलन में घायल युवाओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।कैंडल मार्च के समापन पर वक्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे छात्रों की आवाज, लोकतांत्रिक संघर्ष और लगातार चलाए गए आंदोलनों की जीत बताया। मार्च का नेतृत्व कर रहीं सुप्रिया सिंह राजपूत ने कहा कि दिल्ली आंदोलन में घायल हुए युवाओं के स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर यह कैंडल मार्च निकाला गया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से छात्रों में खुशी है, लेकिन सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि केवल एक मंत्री के जाने और दूसरे के आने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
सरकार को छात्र हित में ठोस कदम उठाने होंगे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना होगा। पंजाब में भी पेपर लीक की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने सरकार से मामले की जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि छात्र हितों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर आरती पटेल, संदीप गुप्ता, अभिनव पांडे, अर्पिता सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






