@जे0 के0…..
संगठन और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा जीवन, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कुशल संगठनकर्ता जयप्रकाश चतुर्वेदी का शनिवार देर रात करीब 11 बजे लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा परिवार और पूरे सोनभद्र में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष नंदलाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।जयप्रकाश चतुर्वेदी का जीवन संगठन, समर्पण और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा।

मूल रूप से सोनभद्र से जुड़े जयप्रकाश चतुर्वेदी उच्च शिक्षा के लिए रायबरेली गए, जहां उनका संपर्क राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हुआ। इसके बाद उन्होंने संघ प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने लखनऊ और गोरखपुर में विभाग प्रचारक के रूप में दायित्व निभाया। बाद में विद्या भारती के प्रदेश संगठन मंत्री रहे।
संघ के निर्देश पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में संगठन मंत्री के रूप में ब्रज, काशी और अवध क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2004 में उन्हें उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य नामित किया गया और वर्ष 2010 तक उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2012 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा।

श्रद्धांजलि सभा में राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, अशोक मिश्रा, अजीत चौबे, रामलखन सिंह, पूर्व विधायक तीरथराज समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






