मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

स्थानीय तापीय परियोजना अंतर्गत ब ताप विद्युत गृह में कार्य के दौरान करंट की चपेट में आ जाने से एक संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के पश्चात परियोजना परिसर में अफरा तफरी मच गई। वहीं घायल कर्मचारी को तत्काल परियोजना चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार 12वीं एवं 13वीं इकाई के ऐश स्लरी फील्ड में लगे मोटर कूलिंग पंप के पास बुधवार की देर रात लगभग सवा 9 बजे के करीब संविदा कर्मी 40 वर्षीय संजय कुमार पुत्र स्व बिंदेश्वरी प्रसाद निवासी 1 डी 60 कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना लगते हैं मौके पर पहुंचे अधिकारी तथा कर्मचारियों द्वारा गंभीर घायल संविदा कर्मी को तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक उक्त संविदा कर्मी का चेहरा दोनों हाथ,पैर तथा शरीर के अन्य भाग पूरी तरह से करंट की चपेट में आने से झुलस गए थे। परियोजना चिकित्सालय पर मौजूद कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियो ने घायल कर्मचारी के बेहतर उपचार की मांग किया है। वहीं दूसरी ओर प्रारंभिक तौर पर करंट लगने के पीछे तकनीकी खराबी अथवा शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही थी।






