संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…….

विश्व शांति महायज्ञ एवं सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन सोनभद्र के चोपन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गड़ईडीह में किया जा रहा है। कथा का वाचन पूज्य श्री दिलीप कृष्ण भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य आयोजक शिवकुमार पहाड़ी बाबा एवं विश्व हिंदू महासंघ धर्म प्रकोष्ठ हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ चोपन बैरियर से मेड़र माता मंदिर तक निकाली गई भव्य धर्म प्रसार यात्रा के साथ हुआ।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, मातृशक्ति एवं विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी शामिल हुए। पूरे मार्ग में जय श्रीराम, हर-हर महादेव और सनातन धर्म के जयघोष गूंजते रहे। धर्म प्रसार यात्रा के दौरान रास्ते में कई जगह जलपान की व्यवस्था वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के नेता प्रदीप अग्रवाल के सौजन्य से की गईं थी।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ की काशी एवं प्रयाग संभाग की क्षेत्रीय अध्यक्ष किरन नंद गिरी भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि उन्हें 21 जिलों में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी मिली है और वह समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू महासंघ किसी जाति या वर्ग का नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और समाज सेवा का संगठन है।
उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा किन्नर कल्याण बोर्ड और किन्नर प्रकोष्ठ के गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में एकता और धार्मिक जागरूकता के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है। जहां भी उन्हें आमंत्रित किया जाएगा, वहां वह धर्म प्रचार और समाज सेवा के लिए अवश्य पहुंचेंगी। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता बनाए रखने और सनातन संस्कृति को मजबूत करने की अपील की।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चंदा प्रकरण और बुलडोजर कार्रवाई से जुड़े सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए और गलत कार्य करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं आयोजन समिति के प्रमुख शिवकुमार पहाड़ी बाबा ने बताया कि विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सात दिवसीय श्रीराम कथा एवं महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

कथा में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ और श्रीराम कथा का आयोजन होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। इस दौरान भाजपा नेता सुनील सिंह ने कहा की वर्तमान समय में बिगड़ते हालत और धर्म के प्रति बच्चों में जिज्ञासा पैदा करने के लिए खासतौर से यह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
धर्म आस्था के प्रतीक को सभी ने देखा, जो कभी कुछ दूरी भी पैदल नहीं चलते थे। धर्म के लिए 5 से 6 किलोमीटर दूर तक की यात्रा बिना रुके भक्तों ने किया।





