संवाददाता@विशाल टंडन……
— रेलवे क्रॉसिंग पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही ठप, इमरजेंसी सेवा के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की मांग तेज

रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज भविष्य में आवागमन को सुगम बनाएगा, लेकिन फिलहाल निर्माण कार्य के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक महीने से चल रहे निर्माण के चलते रेलवे क्रॉसिंग के पास का वैकल्पिक मार्ग चारपहिया वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।

वर्तमान में इस मार्ग से केवल ई-रिक्शा, ऑटो, दोपहिया वाहन और साइकिल ही गुजर पा रहे हैं। सोमवार सुबह इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिला। रामगढ़ की ओर से आने वाली स्कूल बसों को रेलवे क्रॉसिंग से पहले पन्नूगंज मार्ग पर रोकना पड़ा।

बच्चों को बस से उतरकर रेलवे क्रॉसिंग पैदल पार करनी पड़ी, जिसके बाद दूसरी ओर खड़े वाहनों से उन्हें स्कूल भेजा गया। छोटे बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। निर्माण के दौरान भारी ड्रिलिंग मशीन से नगर की मुख्य पेयजल पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लाखों लीटर पानी सड़क पर बह गया।

जलभराव के कारण आवागमन और अधिक प्रभावित हुआ, जबकि अस्थायी वैकल्पिक मार्गों पर मिट्टी धंसने से कई वाहन फंसते रहे। चतरा, रामगढ़, पन्नूगंज और खलियारी से आने वाले लोग नई बाजार-चुर्क मार्ग से जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग के आसपास के क्षेत्रों से जिला अस्पताल, शक्तिनगर हाईवे और नगर जाने वाले लोगों को 6 से 7 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

सबसे गंभीर चिंता आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को लेकर है। एम्बुलेंस को जिला अस्पताल पहुंचने के लिए सामान्य दूरी की बजाय 10 से 12 किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ सकता है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक चारपहिया वाहनों, स्कूली बसों और एम्बुलेंस के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की तत्काल व्यवस्था कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।





