संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— बिजली का तार टूटकर गिरने से हुआ हादसा, ग्रामीणों में दहशत; मुआवजे की मांग

म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियारी गांव में सोमवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली चमकने और तेज गर्जना के दौरान बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत हो गई।
ग्राम प्रधान उमेश के अनुसार, बिजली तड़पने के दौरान तार टूटकर गिरने से यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

ग्राम प्रधान उमेश ने प्रशासन और संबंधित विभाग से गांव में तड़ित चालक यंत्र (लाइटनिंग अरेस्टर) लगवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में आकाशीय बिजली से लोगों और मवेशियों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने विद्युत विभाग से टूटे तार को तत्काल दुरुस्त कराने की भी मांग की।
वहीं, ग्रामीणों ने हादसे में मारे गए दोनों मवेशियों के मालिकों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान गांव में सुरक्षा को लेकर लोगों में भय बना हुआ है।





