@जे0 के0…….

Sonbhadra। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव में सोमवार को खेत में बने एक कुएं से 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बहुअरा गांव निवासी रामकेश यादव की 16 वर्षीय पुत्री वंदना यादव रविवार को घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार दोपहर खेत की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान वंदना यादव के रूप में होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, वंदना परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपने पिता का सहयोग करती थी। उसके पिता गांव में चाय की दुकान चलाते हैं। परिवार का कहना है कि वह हाल के दिनों में अधिक कमाई कर परिवार की मदद करने की बात कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





