ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…….

रॉबर्ट्सगंज नगर के रेलवे फाटक के समीप पानी की पाइप लाइन टूट जाने से सड़क पर लगातार पानी भर गया है। हालात ऐसे हैं कि रेलवे फाटक के पास सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगी है, जिससे राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद से लगातार पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क पर जलभराव होने से वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना हुआ है और लोगों को रेलवे फाटक पार करने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पाइप लाइन की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि जलभराव की समस्या समाप्त हो और लोगों को राहत मिल सके।

वहीं हर घर जल मिशन के नगर जूनियर इंजीनियर आशीष यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि टूटी हुई पाइप लाइन को शीघ्र ही ठीक कराया जाएगा।

जिससे सड़क पर हो रहा जलभराव समाप्त होगा और लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। नगरवासियों को जल्द ही इस समस्या से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





