@जे0 के0……

Sonbhadra। चतरा ब्लॉक के सण्डी गांव में ‘पेड़ हैं तो प्राण’ अभियान के तहत सैकड़ों परिवारों को आम के पौधे वितरित किए गए। इस दौरान सभी ग्रामीणों ने पौधरोपण कर उनकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र के अधिकांश किसान प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि एक्सप्रेसवे का वर्तमान एलाइनमेंट किसानों के हित में नहीं है और इससे किसानों की भूमि प्रभावित होगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि एलाइनमेंट पर पुनर्विचार करते हुए इसे हिंदुवारी, जिला मुख्यालय, रामगढ़, करौदिया, मगरदह और गणवां होते हुए बनाया जाए।

खुज्झा गांव के डॉ. रवि शुक्ला ने कहा कि सरकार की नीतियां किसान और आम जनता के हित में नहीं हैं। वहीं युवा किसान सुरेंद्र मौर्य ने कहा कि किसानों को खाद और फसल बिक्री जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, जबकि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य परियोजनाओं पर ध्यान दे रही है।
कार्यक्रम में सुरेंद्र मौर्य, डॉ. रवि शुक्ला, डेविड कनौजिया, दिनेश पटेल, शत्रुधन बिंद, विजय चौहान, गणेश, अशोक सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।





