संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

चोपन गांव स्थित मेड़र माई मंदिर परिसर में 20 से 27 जुलाई तक विश्व कल्याण महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति, मानव कल्याण तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
आयोजन समिति के सदस्य पहाड़ी बाबा शिव कुमार निषाद, नागेश्वर प्रसाद गौड़, सुनील सिंह, श्यामा चरण गिरी सहित अन्य श्रद्धालु आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भी किया गया।
समिति के अनुसार, यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, सामाजिक समरसता, मानव कल्याण और राष्ट्र के आध्यात्मिक उत्थान का अभियान है। यज्ञ, कथा और सत्संग के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया जाएगा।

महायज्ञ के दौरान श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज श्रीरामचरित कथा का रसपान कराएंगे। वे भगवान श्रीराम के आदर्शों के माध्यम से धर्म, भक्ति और मानवता का संदेश देंगे।
कार्यक्रम का समापन 27 जुलाई को विशाल भंडारे एवं महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। आयोजन स्थल मेड़र माई मंदिर परिसर (अल्ट्राटेक पानी टंकी के समीप) रखा गया है। आयोजन में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यज्ञ मंडप, कथा स्थल, भंडारा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म, भक्ति और सेवा के इस पुण्य अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।





