संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना के नवनियुक्त थाना अध्यक्ष संतोष सिंह के कार्यभार संभालते ही क्षेत्रवासियों ने उनसे लिलासी मोड़ की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान की उम्मीद जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामवासियों के अनुसार जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े रहने वाले पिकअप, टेंपो और अन्य सवारी वाहन हैं। चालक सड़क किनारे ही वाहनों को खड़ा कर घंटों सवारियों का इंतजार करते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और थोड़ी-सी भी यातायात बढ़ते ही लंबा जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे बह रही गंदी नालियां भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई हैं। नाली का गंदा पानी सड़क पर फैलने से बदबू के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। बरसात के दिनों में यह समस्या और विकराल हो जाती है।

ग्रामवासियों ने समाचार के माध्यम से थाना अध्यक्ष संतोष सिंह से मांग की है कि लिलासी मोड़ पर संचालित अवैध टेंपो एवं पिकअप स्टैंड को हटवाकर नियमित यातायात व्यवस्था लागू कराई जाए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें तो इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान संभव है।





