संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— कटेली टोला में पुल निर्माण व बिजली व्यवस्था के लिए भी दिए निर्देश, ग्रामीणों में खुशी

विकासखंड म्योरपुर के कुदारी ग्राम पंचायत में 6 जून को आयोजित जन चौपाल के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। जिलाधिकारी ने मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में छह पक्की सड़क मार्गों एवं एक सीसी रोड निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी। साथ ही कटेली टोला में पुल निर्माण और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन के इस निर्णय से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
स्वीकृत कार्यों में इंद्रमणि के घर से सिल्लीचुहान, कंपोजिट विद्यालय नौडिहा से जंगल सींगा, रामनाथ प्रजापति के घर से रामबली गोंड के घर, भवाली के घर से रामदेव गोंड के घर तथा शिव प्रसाद गुप्ता के घर से हीरालाल यादव के घर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा शिवपूजन के घर से कुंडरी–पिपरहवा बॉर्डर तक लगभग 500 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण भी स्वीकृत किया गया है।

जन चौपाल के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी ने कटेली टोला में पुल निर्माण एवं बेहतर बिजली व्यवस्था की मांग भी प्रमुखता से उठाई थी। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि नदी और देवतनगर बांध से घिरे इस टोले में पुल न होने के कारण ग्रामीणों को वर्षभर आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, शिक्षा, कृषि तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर समयबद्ध ढंग से पूरे होंगे, जिससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।





