संवाददाता@संदीप अग्रहरी……
— स्कूली बच्चे, कर्मचारी और मरीज घंटों फंसे रहे, स्थायी समाधान की उठी मांग

म्योरपुर–रेणुकूट मुख्य मार्ग स्थित रनटोला जंगल में गुरुवार को करीब चार घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रहे। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ी। कई कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके, जबकि स्कूल से लौट रहे बच्चों को भी लंबे समय तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रनटोला जंगल में जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव, संकरी सड़क और प्रभावी यातायात प्रबंधन के अभाव में आए दिन लंबा जाम लग जाता है। बावजूद इसके अब तक इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि बार-बार जाम लगने से आमजन का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित यातायात व्यवस्था लागू की जाए, आवश्यक स्थानों पर पुलिस की तैनाती की जाए तथा सड़क चौड़ीकरण सहित स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।





