संवाददाता@मनीष कुमार…..

क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब शाम साढ़े 4 बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली के झटके से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को परिजनों व 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
परिजनों के अनुसार ग्राम डुमरडीहा की सुनीता देवी (38) पत्नी ओमप्रकाश, घर की खिड़की के पास बैठी थीं, तभी आकाशीय बिजली का झटका लगने से वह घायल हो गईं। वहीं ग्राम बघाडू की बेबी देवी (32) पत्नी विनय, अपने बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में थीं; झटके के असर से वे अचेत हो गईं, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चे सुरक्षित रहे। उन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।

इसके अलावा ग्राम बरखोहरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य नंदनी (8) पुत्री अमरनाथ, मनीषा देवी (28) पत्नी अमरनाथ व अमरनाथ की माता शकुंतला देवी (45) घर के अंदर भोजन कर रहे थे। आकाशीय बिजली के तेज झटके के कारण सभी घायल हो गए ।
सीएचसी दुद्धी में तैनात चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर व सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों से तूफान व आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने एवं खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।





