संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

दृढ़ संकल्प और साहस के बल पर म्योरपुर के युवा संतोष कुमार गुप्ता ने साइकिल से अयोध्या की लंबी यात्रा पूरी कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संतोष कुमार गुप्ता पुत्र संतराम गुप्ता निवासी म्योरपुर ने लगभग ढाई दिनों में कुल 723 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर अपनी फिटनेस और जज्बे का परिचय दिया।
संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि वह 15 जून को सुबह 11 बजे म्योरपुर से साइकिल द्वारा अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज और अंबेडकर नगर होते हुए करीब 353 किलोमीटर की दूरी तय की और 16 जून को सुबह 10 बजे अयोध्या पहुंच गए। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दर्शन-पूजन और भ्रमण के बाद उसी दिन रात 11 बजे उन्होंने वापसी यात्रा शुरू की।
वापसी में उन्होंने अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर और वाराणसी मार्ग से लगभग 370 किलोमीटर का सफर तय किया तथा 17 जून की रात करीब 12 बजे अपने घर म्योरपुर वापस पहुंच गए।

इस प्रकार आने-जाने की कुल दूरी 723 किलोमीटर रही। यात्रा के दौरान उन्होंने लगभग 100 लीटर पानी का सेवन किया और लगातार साइकिल चलाते हुए इस चुनौतीपूर्ण सफर को सफलतापूर्वक पूरा किया। संतोष कुमार गुप्ता ने एमटेक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की पढ़ाई की है। वर्तमान में उनका चयन एआई इंजीनियर के रूप में हुआ है और वह मुंबई में स्थित एलएंडटी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि साइकिलिंग और तैराकी उनका बचपन से ही प्रिय शौक रहा है।
व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद वह इन गतिविधियों को नियमित रूप से जारी रखते हैं और भविष्य में साइकिलिंग के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करना चाहते हैं।
संतोष की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।





