Last Updated:
Preeti Pawar Wins Gold at CWG 2026: भारत की प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 54 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया. फाइनल में कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो ने तीसरे राउंड में जोरदार वापसी की कोशिश की. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और प्रीति पर लगातार दबाव बनाया.
प्रीति पवार ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड मेडल.
नई दिल्ली. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने 10वें दिन शानदार शुरुआत करते हुए देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. सबसे पहले प्रीति पवार ने महिला 54 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इस संस्करण में बॉक्सिंग में भारत का पहला गोल्ड दिलाया. इसके कुछ ही देर बाद जैस्मिन लंबोरिया ने भी महिला 57 किग्रा वर्ग का खिताब अपने नाम कर भारत की झोली में दूसरा गोल्ड मेडल डाल दिया. दोनों खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार तकनीक, धैर्य और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया.
प्रीति पवार ने एकतरफा अंदाज में जीता फाइनल
महिला 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रीति पवार का मुकाबला कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो से था. शुरुआत से ही भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी. पहले राउंड में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन प्रीति ने सटीक पंचों से जजों को प्रभावित किया. पांचों जजों ने पहला राउंड 10-9 से प्रीति के पक्ष में दिया.
दूसरे राउंड में पूरी तरह हावी रहीं प्रीति
दूसरे राउंड में डेलगाडो ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन प्रीति ने शानदार फुटवर्क और सटीक पंचों से उन्हें लगातार पीछे धकेला. भारतीय मुक्केबाज के सीधे और मजबूत पंच लगातार निशाने पर लगे, जबकि डेलगाडो दबाव में आ गईं. मुकाबले के दौरान कनाडाई खिलाड़ी को स्टैंडिंग काउंट भी मिला. दूसरे राउंड में भी पांचों जजों ने सर्वसम्मति से प्रीति को विजेता माना.
आखिरी राउंड में नहीं छोड़ा जीत का मौका
तीसरे और अंतिम राउंड में डेलगाडो ने वापसी की पूरी कोशिश की और लगातार आक्रमण किया, लेकिन प्रीति ने धैर्य नहीं खोया. उन्होंने संयम के साथ मुकाबला खेला और अपनी बढ़त बरकरार रखी. मुकाबला खत्म होने के बाद जजों ने सर्वसम्मति से प्रीति पवार को विजेता घोषित किया. इसके साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सिंग में भारत का पहला गोल्ड अपने नाम कर लिया.
जैस्मिन लंबोरिया ने भी जीता गोल्ड
प्रीति की जीत के कुछ ही देर बाद भारत की जैस्मिन लंबोरिया ने महिला 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को हराकर गोल्ड जीत लिया. पहला राउंड जैस्मिन ने 3-2 के स्प्लिट फैसले से अपने नाम किया. दूसरे राउंड में उन्होंने और भी बेहतर प्रदर्शन किया और सर्वसम्मति से बढ़त हासिल कर ली. निर्णायक राउंड में माइकेला वॉल्श ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन जैस्मिन ने धैर्य के साथ मुकाबले को अपने कंट्रोल में रखा. उन्होंने अपनी लंबी रीच का बेहतरीन इस्तेमाल किया और सही समय पर सटीक पंच लगाए.जैस्मिन लंबोरिया की जीत के साथ भारत ने बॉक्सिंग में दूसरा गोल्ड हासिल कर लिया.
About the Author

परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें






