संवाददाता@विशाल टंडन….

भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जिला सोनभद्र के तत्वावधान में गुरुवार को कर्मचारियों एवं श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम 22 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी सोनभद्र के माध्यम से भेजा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दशाराम यादव ने तथा संचालन जिला मंत्री एल.पी. शुक्ल ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे ने कहा कि श्रमिक, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी महंगाई, वेतन विसंगति, सामाजिक सुरक्षा के अभाव और रिक्त पदों पर भर्ती न होने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। विभाग प्रमुख अश्विनी कुमार शुक्ल ने आशा, आंगनबाड़ी एवं एनएचएम कर्मियों को सम्मानजनक मानदेय एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठाई।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बी.डी. विश्वकर्मा ने ऊर्जा विभाग के कर्मचारियों पर की जा रही कार्रवाई समाप्त करने, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा के बर्खास्त कर्मियों की बहाली तथा लंबित वेतन पुनरीक्षण की मांग की। ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियां लागू करने, पुरानी पेंशन बहाली, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था, सफाई कर्मियों की स्थायी भर्ती तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने सहित 22 मांगें शामिल रहीं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजबली सिंह, रामबली यादव, रमेश कुमार सिंह, मनोज कांदु, पवन शर्मा, उपेन्द्र सिंह, शशिकांत वैसवार, स्वतंत्रता सिंह, नवीन सिंह, भूनेश शरणागत एवं के.वी. राय सहित विभिन्न संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में जिलाध्यक्ष दशाराम यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।






