@जे0 के0…..
— सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन

Sonbhadra । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक संचालित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाई कर्मियों की टीमों द्वारा घर-घर जाकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
इस विशेष अभियान के तहत लगभग 10 टन कूड़ा एकत्रित कर उसका समुचित निस्तारण कराया गया। ग्राम पंचायतों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर सफाई कार्य संपादित किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाया जाए तथा प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक जनआंदोलन है। सभी लोग अपने घर, गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दें तथा स्वच्छ, सुंदर एवं हरित जनपद के निर्माण में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें।





