संवाददाता@विशाल टंडन….

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उपायुक्त उद्योग कार्यालय, सोनभद्र में व्यापारी-उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों एवं व्यापारियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि बैंकों से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण जनपद उद्योग स्थापना के क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उद्यम स्थापित करने से संबंधित योजनाओं की सही जानकारी समाचार पत्रों, सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रसारित की जानी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देने, स्थानीय व्यापारियों को व्यापार विस्तार हेतु बैंक एवं उद्योग विभाग से सहयोग उपलब्ध कराने तथा जनपद में औद्योगिक क्षेत्र के शीघ्र निर्माण की मांग भी उठाई।

उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्यमियों और व्यापारियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए शीघ्र ही कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा जनपद में उद्योग एवं रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, इलेक्ट्रॉनिक अध्यक्ष दिनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।





