संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

हाथीनाला थाना क्षेत्र के साउडीह जंगल में शनिवार दोपहर झाड़ियों के बीच मिले अज्ञात युवती के शव की देर शाम पहचान होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान साउडीह, हथवानी निवासी राजकुमारी पुत्री भागीरथी मनराज, उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के रूप में हुई है। किशोरी के पिछले चार-पांच दिनों से घर से गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर रेणुकूट-हाथीनाला मार्ग से करीब 500 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में गांव के गाय-बकरी चराने गए चरवाहों की नजर शव पर पड़ी। जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर हथवानी ग्राम प्रधान आनंद यादव और हाथीनाला पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
बताया गया कि शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी फूल गया था, जिससे चेहरे से पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस और ग्राम प्रधान ने स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास किया, जिसके बाद देर शाम शव की पहचान राजकुमारी के रूप में हो सकी।

ग्राम प्रधान आनंद यादव के अनुसार, परिजनों ने बताया कि किशोरी करीब चार-पांच दिनों से घर नहीं लौटी थी और उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच जंगल में शव मिलने की सूचना ने परिवार को झकझोर दिया।
किशोरी की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।