संवाददाता@विशाल टंडन….

जिले में उर्वरकों की कमी और वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियों ने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया। ज्ञापन में बताया गया कि सोनभद्र जनपद धान, मिर्च और टमाटर उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है।
वर्तमान समय में धान एवं मिर्च की नर्सरी तैयार करने का कार्य शुरू हो चुका है, ऐसे में किसानों को डीएपी और यूरिया की आवश्यकता बढ़ गई है। इसके बावजूद अधिकांश साधन सहकारी समितियों पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि कई समितियों पर डीएपी और यूरिया का भंडारण होने के बावजूद किसानों के बीच वितरण नहीं किया जा रहा है। विशेष रूप से करमा विकास खंड के करमा, पापी, फुलवारी और खैरपुर केंद्रों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वहां खाद उपलब्ध होने के बाद भी किसानों को नहीं दी जा रही है।

वहीं जनपद की अन्य समितियों में कहीं डीएपी तो कहीं यूरिया की कमी बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। भारतीय किसान संघ ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिन समितियों पर उर्वरक उपलब्ध नहीं हैं वहां तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा जहां पर्याप्त भंडारण है वहां किसानों के बीच शीघ्र वितरण कराया जाए।
किसान नेताओं ने कहा कि समय पर खाद न मिलने से खेती का कार्य प्रभावित हो सकता है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री प्रभुपाल सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, जयप्रकाश सिंह, सदानंद मौर्य, अनिल कुमार पटेल समेत कई किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





