संवाददाता@विशाल टंडन…..

रॉबर्ट्सगंज स्थित सोनभद्र डिपो में नवागत सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नंदलाल वर्मा ने बुधवार सुबह अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने पर रोडवेज कर्मचारी संघ सोनभद्र डिपो के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार दीक्षित ने माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार दीक्षित ने कहा कि नंदलाल वर्मा के नेतृत्व में डिपो के संचालन, यात्री सुविधाओं और कर्मचारियों के हितों को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नवागत अधिकारी के अनुभव और कार्यकुशलता से विभागीय कार्यों में और अधिक पारदर्शिता तथा गुणवत्ता आएगी। नवागत सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नंदलाल वर्मा ने स्वागत के लिए सभी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना होगी।
उन्होंने कहा कि डिपो के राजस्व में वृद्धि, बसों के समयबद्ध संचालन तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने टीम भावना के साथ काम करने पर बल देते हुए कहा कि विभाग के विकास और यात्रियों की संतुष्टि के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर शाखा मंत्री संजय कुमार, विनोद कुमार तिवारी, आशुतोष सिंह, अशोक विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार मिश्रा, विकास पांडे, दिनेश कुमार, सोनभद्र डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी विवेकानंद सिन्हा, वाराणसी क्षेत्र के मंत्री अखिलानंद त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंह तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका मिश्रा सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।





