@जे0 के0….

Sonbhadra । कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि प्रशासन द्वारा दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार हर्रा गांव निवासी 14 वर्षीय पवन कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा निषाद सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में लापता हो गए। दोनों किशोर आपस में ममेरे और फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर कोन पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। वहीं ओबरा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा गोताखोरों की मदद से सोन नदी में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए बचाव कार्य तेज कर दिया गया है तथा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में नदी किनारे जुटे हुए हैं और बच्चों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।





