संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के डाला बस स्टैंड (शहीद स्थल) के समीप वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे बाइक और साइकिल की जोरदार टक्कर में दो लोग घायल हो गए। हादसे में साइकिल सवार की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक साइकिल सवार सड़क पार कर दूसरी लेन में जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेलगुड़वा की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और साइकिल सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल बाइक सवार की पहचान योगेश, निवासी हरियाणा, के रूप में हुई है। वह चतरवार स्थित डाक विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में कोटा खास गांव में अस्थायी रूप से रह रहे हैं। वहीं घायल साइकिल सवार की पहचान सुरेश कुमार के रूप में हुई, जो डाला स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और कंपनी की एंबुलेंस से घायल सुरेश कुमार को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





