संवाददाता@विशाल टंडन….
— मुख्यमंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव के बाद व्यापारियों ने जताई उम्मीद, खसरा रजिस्टर प्रकाशन व जलनिकासी की मांग भी दोहराई

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, सोनभद्र ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रुबी प्रसाद द्वारा राबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र के बाहर से कलवारी-खलियारी राज्यमार्ग पर बाईपास निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल वर्षों से नगर के बीच से प्रस्तावित बाईपास का विरोध करते हुए आउटर क्षेत्र से बाईपास बनाए जाने की मांग करता रहा है।
उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 को नगर पालिका परिषद की बैठक में व्यापार मंडल ने इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजने का अनुरोध किया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए पालिकाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर व्यापारियों की मांग रखी। रुबी प्रसाद ने बताया कि यदि बाईपास नगर के बीच से निकला तो वर्षों पुराने व्यापारिक प्रतिष्ठान और मकान प्रभावित होंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र एवं मौखिक रूप से अवगत कराया कि बाईपास नगर के बाहरी क्षेत्र से बनाया जाए ताकि स्थानीय बाजार और व्यापार सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि किसी भी व्यापारी की दुकान या मकान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और बाईपास बाहरी क्षेत्र से बनाने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

इस दौरान व्यापार मंडल ने खसरा रजिस्टर शीघ्र प्रकाशित कराने तथा बरसात में जलभराव रोकने के लिए नालियों की दीवारों में आवश्यक जल निकासी होल बनाए जाने की मांग भी दोहराई। आभार कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला महामंत्री राजेश बसल, प्रकाश केशरी, अजीत जायसवाल, संजय जायसवाल, रमेश जायसवाल, राजेश सोनी, रितु अग्रहरी, आनंद जायसवाल, श्यामलाल केशरी, श्याम बाबू, दिनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






