संवाददाता@विशाल टंडन….

रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज के वार्ड संख्या-9 घुवास मोहाल में शाहगंज रजवाहा(छोटी नहर) किनारे बने मार्ग पर लगा बिजली का खंभा स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे इसी मार्ग से गुजर रहा बालू लदा एक टीपर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार रॉबर्ट्सगंज–पन्नूगंज मुख्य मार्ग से लगभग एक किलोमीटर अंदर छोटी नहर पर बनी पुलिया के पश्चिमी छोर से होकर जाने वाले मार्ग पर करीब एक वर्ष पूर्व सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। यह सड़क लगभग 100 मीटर तक नहर के किनारे जाती है और फिर रेलवे लाइन की ओर मुड़ जाती है। इसी मोड़ पर बिजली का खंभा लगा होने से इस मोड़ के आगे नहर से होकर जा रहा कच्चा मार्ग काफी संकरा हो गया है।स्थानीय निवासी शुभ नारायण उपाध्याय ने बताया कि नहर के किनारे स्थित इस मार्ग से भवन निर्माण सामग्री लेकर बड़े वाहन नियमित रूप से गुजरते हैं।

सोमवार सुबह भी बालू लेकर जा रहा टीपर बिजली के खंभे से बचकर निकलने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और नहर में पलट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण सीसी रोड के किनारे भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते बिजली के खंभे को नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासी सत्येंद्र पांडेय, राजेंद्र श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, रामनारायण दुबे समेत अन्य लोगों ने बिजली विभाग से मार्ग के बीच स्थित खंभे को हटाकर किनारे स्थानांतरित करने तथा नगर पालिका से क्षतिग्रस्त सीसी रोड की मरम्मत कराने की मांग की है।





