@जे0 के0……

Sonbhadra । विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के ग्राम पंचायत भभाईच के पंचायत सचिव पर ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी, पदीय दायित्वों में लापरवाही तथा भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत भभाईच की पंचायत सचिव श्रीमती संगीता राय नियमित रूप से पंचायत सचिवालय में उपस्थित नहीं रहती हैं, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि परिवार रजिस्टर को सचिव अपने पास रखती हैं और ग्रामीणों को उसकी प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव का व्यवहार आम जनता के प्रति उचित नहीं है तथा विभिन्न कार्यों के बदले धन की मांग की जाती है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों में अपने परिचितों और रिश्तेदारों को प्राथमिकता देने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
पत्र में कहा गया है कि पंचायत सचिव पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से उसी ग्राम पंचायत में तैनात हैं, जिसके कारण कार्यप्रणाली में पारदर्शिता प्रभावित हुई है। ग्रामीणों के हित में उनके कार्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उनका स्थानांतरण किसी अन्य स्थान पर किए जाने की मांग की गई है।
जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ग्राम पंचायत में नए पंचायत सचिव की नियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है।





