संवाददाता@विजय अग्रहरी…..
— घोरावल-शिवद्वार व कोहरथा मार्ग चालू, रिठी बांध के पांच फाटक खोलकर छोड़ा गया 10 हजार क्यूसेक पानी

घोरावल तहसील क्षेत्र में बेलन नदी का जलस्तर शुक्रवार को करीब डेढ़ फीट कम होने से तटवर्ती गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली। जलस्तर घटने के बाद घोरावल-शिवद्वार मार्ग एवं घोरावल-कोहरथा मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो गया। इससे इन मार्गों से जुड़े करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

लगातार हो रही बारिश के कारण बेलन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। गुरुवार को नदी का पानी बढ़ने से घोरावल-शिवद्वार और घोरावल-कोहरथा मार्ग पर आवागमन बंद हो गया था। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई गांवों के लोगों को आवागमन के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा था।

शुक्रवार की सुबह नदी का जलस्तर करीब डेढ़ फीट कम होने के बाद दोनों मार्गों पर आवागमन बहाल कर दिया गया। जलस्तर घटने से नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों के साथ ही किसानों ने भी राहत महसूस की। हालांकि बारिश का दौर जारी रहने के कारण लोगों में अभी भी नदी के जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है।
बेलन-बकहर परियोजना, मिर्जापुर नहर प्रखंड के अवर अभियंता धर्मराज यादव ने बताया कि रिठी बांध के पांच फाटक शुक्रवार को भी खोले गए। फाटकों से करीब 10 हजार क्यूसेक पानी बहाकर वाटर लेवल को नियंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि बेलन नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
