संवाददाता@सतीश कुमार…..

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रोजगार और भर्ती की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सोनभद्र के कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है।

जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि यदि छात्रों और युवाओं की आवाज को लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया जाएगा तो आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का अधिकार है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “तानाशाही नहीं चलेगी”, “छात्र एकता जिंदाबाद” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केवल सिंह, जिला महासचिव अनवर अली अंसारी, जिला सचिव घमड़ी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी, अशोक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कार्यकर्ता समीर खान, नागेंद्र कुमार मौर्या सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





