मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी……

उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं. दूधनाथ ने रविवार को ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह दायित्व मुख्य महाप्रबंधक इं. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने के बाद संभाला है। निगम के आदेशानुसार उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार तथा मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
विद्युत उत्पादन क्षेत्र में लंबे अनुभव रखने वाले इं. दूधनाथ उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद के निवासी हैं। उनका जन्म 13 जुलाई 1967 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2008 में उन्होंने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी हासिल की।

इं. दूधनाथ ने 29 दिसंबर 1989 को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। लगभग साढ़े तीन दशक के सेवाकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, दक्षता संवर्धन तथा उत्पादन प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
वर्ष 2014 में अधीक्षण अभियंता पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना की विभिन्न उत्पादन एवं अनुरक्षण इकाइयों का नेतृत्व किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्यालय लखनऊ में मुख्य अभियंता (थर्मल ऑपरेशन) एवं आर एंड एम इकाई का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला। वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना के मुख्य अभियंता के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं तथा आवश्यकता पड़ने पर अनपरा ‘बी’ और मुख्य महाप्रबंधक, अनपरा का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाला।
मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं. दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार लाना तथा निगम की अपेक्षाओं के अनुरूप ऊर्जा उत्पादन को बनाए रखना होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य कर परियोजना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।





