संवाददाता@विशाल टंडन…..
— 22 जुलाई को मिर्जापुर में होगा मंडल स्तरीय चयन, महिला हैंडबॉल टीम के लिए भी होगा ट्रायल

क्षेत्रीय खेल कार्यालय विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर के निर्देश पर बास्केटबॉल एवं फुटबॉल संघ के समन्वय से मंगलवार को तीयरा स्टेडियम रॉबर्ट्सगंज में प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल एवं जूनियर बालक फुटबॉल चयन ट्रायल आयोजित किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने बताया कि महिला बास्केटबॉल वर्ग में सोनभद्र की मन्नत राय और नैवेद्या ने प्रतिभाग किया।
दोनों खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय चयन ट्रायल के लिए किया गया है। मंडल स्तरीय महिला बास्केटबॉल चयन ट्रायल 22 जुलाई को अपराह्न तीन बजे से सेठ द्वारिका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर, विंध्याचल रोड, मिर्जापुर में आयोजित होगा।

वहीं, जूनियर बालक फुटबॉल चयन ट्रायल में सोनभद्र से कोई खिलाड़ी प्रतिभाग नहीं कर सका। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई को महिला हैंडबॉल का जिला स्तरीय चयन ट्रायल सुबह 10 बजे से शुरू होगा। चयनित खिलाड़ियों के बीच उसी दिन अपराह्न तीन बजे मंडल स्तरीय महिला हैंडबॉल टीम का चयन किया जाएगा।

मंडल स्तरीय चयन में भदोही, सोनभद्र और मिर्जापुर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ी 27 से 29 जुलाई तक अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में विंध्याचल मंडल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।





