संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ के पास दुद्धी मार्ग स्थित गोविंदपुर के जंगल में शुक्रवार को एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे तथा गला रेता हुआ प्रतीत हो रहा था। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंका गया है।
मृतक की पहचान कुंडाडीह निवासी राजदेव मौर्या (49 वर्ष) पुत्र अजूपा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह दोपहर बाद घर से म्योरपुर बाजार के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन किन परिस्थितियों में वह जंगल तक पहुंचे, इसका पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। शव मिलने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।





