@जे0 के0……
— एम्बुलेंस और पुलिस के देर से पहुंचने पर परिजनों में आक्रोश, ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग पर उठे सवाल

Sonbhadra । सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से बाइक टकरा जाने के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने समय पर एम्बुलेंस और पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी ट्रक से उनकी बाइक जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस और पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, जिसके कारण घायल युवक को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरा घायल युवक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी ट्रकों की लंबी कतारें अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।





