@जे0 के0……

Sonbhadra । किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन आरोबी (रेल ओवर ब्रिज) से स्थानीय लोगों को होने वाली संभावित समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
उन्होंने कहा कि उक्त मार्ग लगभग छह लाख लोगों के लिए लाइफ लाइन के रूप में कार्य करता है, ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। मोर्चा की ओर से सुझाव दिया गया कि बिहार, खलियारी, रामगढ़ एवं पन्नूगंज क्षेत्र से आने वाली छोटी गाड़ियों और बाइक सवारों को चतरा-धधरौल मार्ग होते हुए मुख्यालय से जोड़ा जाए।

वहीं मुख्यालय से लौटने वाले लोगों के लिए चुर्क-सिल्थरी मार्ग से सजौर नहर पटरी होते हुए पन्नूगंज-खलियारी मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में विकसित किया जाए। बड़ी वाहनों के लिए बेलखुरी, तिवारीपुर, मधुपुर होते हुए वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से आवागमन की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया।
इस दौरान मोर्चा संयोजक ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में फलदार वृक्ष लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोनभद्र का वातावरण आम, अमरूद, आंवला और कटहल जैसे पौधों के लिए अनुकूल है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों को लाभ भी मिलेगा।
जल संकट को लेकर भी प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव देते हुए कहा कि यदि जनपद के तालाबों का मशीनों से दो से ढाई मीटर तक गहरीकरण कराया जाए तो पेयजल संकट काफी हद तक दूर हो सकता है।
इस मौके पर आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, विजय बिंद, शुभ बिंद, संजय बियार, सत्यम पाण्डेय, सूरज चौधरी, धीरज कनौजिया, बिंदू प्रसाद खरवार एवं मुखलाल चेरो समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।





