@जे0 के0….

Sonbhadra। भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र की चारों विधानसभा क्षेत्रों दुद्धी, ओबरा, रॉबर्ट्सगंज (सदर) और घोरावल में बुधवार को एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बूथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी पर विशेष जोर दिया गया।
दुद्धी विधानसभा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, ओबरा में प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, रॉबर्ट्सगंज में पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि तिवारी तथा घोरावल में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान ओबरा विधायक संजीव कुमार गोंड़, घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य, रॉबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे तथा दुद्धी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी श्रवण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ है और उसकी सक्रियता ही पार्टी को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का माध्यम बनती है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

रॉबर्ट्सगंज सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि तिवारी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सेवा, सुशासन और संगठन की विचारधारा को लेकर कार्य करता है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन से सतत संवाद बनाए रखने पर बल दिया।
घोरावल में पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र और ओबरा में प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि ‘अंत्योदय’ भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार है और संगठन को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।






