@जे0 के0……

Sonbhadra । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ मोड़ पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपत्ति ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घायल पति का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार विंढमगंज थाना क्षेत्र के बैरखड़ गांव निवासी सुनील कुमार अपनी पत्नी फुलवंती देवी (20) के साथ बाइक से दुद्धी से रेणुकूट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटौली-मझौली की ओर से आ रहा एक ट्रक रजखड़ मोड़ पर मुड़ रहा था। इसी बीच बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठी फुलवंती देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद फुलवंती देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार का उपचार शुरू कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





