संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….

म्योरपुर विकास खंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत आरंगपानी अंतर्गत काशीकुड टोला में बीते दो माह से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पूरा टोला अंधेरे में डूबा हुआ है।
समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने समाजसेवी राजू कुमार गुप्त के नेतृत्व में प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले दो माह से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने कहा कि काशीकुड टोला 100 प्रतिशत आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां बिजली न होने से गर्मी के इस मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, वहीं कई बच्चे बीमार भी पड़ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजू कुमार गुप्त, कुलदीप सिंह गौड़, मोहर सिंह गौड़, रामलाल गौड़, रमाशंकर गोड़, हीरा सिंह गौड़, सुप्रीम गोड़, रघुवीर सिंह सहित कई दर्जन महिलाएं मौजूद रहीं।
वहीं इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि समस्या की जानकारी मिल गई है और जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।