संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

म्योरपुर थाना क्षेत्र के सूपाचुआ गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में बिजली का काम कर रहे एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार गोंड (33 वर्ष) पुत्र रामखेलावन, निवासी सूपाचुआ, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र, अपने घर में बिजली का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





