Last Updated:
Amar Singh Dewanda: जयपुर ग्रामीण के चीथवाड़ी गांव के भारतीय वायुसेना जवान और अल्ट्रा धावक अमर सिंह देवांदा ने स्पेन में आयोजित IAU 100 किमी वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 100 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 49 मिनट 17 सेकंड में पूरी कर अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 10 मिनट से अधिक का सुधार किया और प्रतियोगिता में 23वां स्थान हासिल किया.
जयपुर ग्रामीण के चीथवाड़ी गांव से निकलकर भारतीय वायुसेना में देशसेवा कर रहे अल्ट्रा धावक अमर सिंह देवांदा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन किया है. स्पेन में आयोजित आईएयू 100 किमी वर्ल्ड चैंपियनशिप में अमर सिंह ने 100 किलोमीटर की दूरी महज 6 घंटे 49 मिनट 17 सेकंड में पूरी की. दुनिया के दिग्गज अल्ट्रा धावकों के बीच हुई इस दौड़ में उन्होंने अपनी रफ्तार और धैर्य का शानदार परिचय दिया.
सबसे खास बात यह रही कि अमर सिंह ने इस दौड़ में अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 10 मिनट से अधिक का सुधार कर दिया. 100 किलोमीटर जैसी लंबी दूरी की दौड़ में कुछ सेकंड का अंतर भी काफी मायने रखता है, ऐसे में 10 मिनट से ज्यादा का सुधार उनकी तैयारी और फिटनेस को दिखाता है. स्पेन की कठिन परिस्थितियों में उन्होंने शुरुआत से लेकर अंतिम किलोमीटर तक अपनी गति को बनाए रखा और नया व्यक्तिगत रिकॉर्ड कायम किया.
इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में अमर सिंह का मुकाबला अलग-अलग देशों के टॉप अल्ट्रा धावकों से था,0इसके बावजूद भारतीय धावक ने 100 किलोमीटर की रेस पूरी कर 23वां स्थान हासिल किया. अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में टॉप 25 में जगह बनाना उनके प्रदर्शन की अहम कड़ी है. खासकर तब, जब उनका मुख्य लक्ष्य सिर्फ दौड़ पूरी करना नहीं, बल्कि अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर करना भी था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अमर सिंह की यह उपलब्धि अचानक हासिल हुई सफलता नहीं है. इसके पीछे लंबे समय से चल रही कठिन ट्रेनिंग और लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अनुभव है. उन्होंने अपनी तैयारी के लिए बेंगलूरु को प्रशिक्षण केंद्र बनाया हुआ है. लंबी दूरी की दौड़ में शरीर के साथ मानसिक मजबूती भी जरूरी होती है और अमर सिंह लगातार इसी दिशा में खुद को तैयार कर रहे हैं.
इससे पहले भी अमर सिंह देवांदा अल्ट्रा रनिंग में देश के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं. 24 घंटे की दौड़ में उन्होंने 282.881 किलोमीटर की दूरी तय कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था. इसके अलावा वे एशिया-ओशिनिया 24 घंटे रेस के चैंपियन भी रह चुके हैं. अब 100 किलोमीटर की विश्व चैंपियनशिप में अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार ने उनके रिकॉर्ड की सूची में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.
खास बात यह है कि अमर सिंह खेल के साथ भारतीय वायुसेना में अपनी जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं. नौकरी की ड्यूटी, ट्रेनिंग और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के बीच उन्होंने अल्ट्रा रनिंग में अपनी पहचान बनाई है. लंबी दूरी की दौड़ के लिए रोजाना अनुशासन, समय प्रबंधन और शारीरिक क्षमता की जरूरत होती है. चीथवाड़ी की गलियों से स्पेन के अंतरराष्ट्रीय ट्रैक तक अमर सिंह देवांदा का सफर स्थानीय युवाओं के लिए खास संदेश देता है.
