संवाददाता@विशाल टंडन…..

प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ, जनपद सोनभद्र के पदाधिकारियों ने समस्त ब्लॉकों पर मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र खंड विकास अधिकारियों को सौंपा। सदर ब्लॉक राबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष विनय कुमार पांडेय एवं जिला संयोजक प्रशांत सिंह मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष विनय कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार ग्राम रोजगार सेवकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 से मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्राम रोजगार सेवक संविदा पर कार्यरत हैं, लेकिन उनका मानदेय प्रशासनिक मद से होने के कारण समय से भुगतान नहीं हो पाता।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 12 से 14 माह का मानदेय बकाया है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने मांग की कि ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित कर सहायक सचिव/ग्राम विकास सहायक के पद पर समायोजित किया जाए तथा राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
साथ ही न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, अलग बजट की व्यवस्था, जॉब चार्ट में अन्य कार्यों को शामिल करने, ईपीएफ, स्वास्थ्य बीमा व अवकाश की सुविधा देने की मांग की गई। जिला संयोजक प्रशांत सिंह ने कहा कि मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर 5 मई 2026 को बैठक कर विधानसभा घेराव किया जाएगा।
इस मौके पर संतोष कुमार, अमित कुमार, विनिता, प्रदीप, सुनील, अनिल कुमार, संजय कुशवाहा, धर्मवीर, शैलेश, सतीश, नागेंद्र पांडेय, मुंशीलाल सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक उपस्थित रहे।