@जे0 के0……

Sonbhadra । पिपरी थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मु0अ0सं0-143/2026, धारा 105 बीएनएस से संबंधित तीन वांछित आरोपियों को रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रेलपथ कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास संदीप पाल का आरोपियों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने संदीप पाल के साथ मारपीट की। आरोप है कि विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप पाल की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पिपरी थाने में गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की चाबी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों में अजय पाण्डेय, वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरु तथा विशाल सिंह उर्फ बिट्टू शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार एवं कांस्टेबल सुनील राम शामिल रहे।





