@जे0 के0……

Sonbhadra । राजकीय इंटर कॉलेज, पिपरी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की प्रथम बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया, जिसमें हीरावती देवी को अध्यक्ष तथा संगीता को उपाध्यक्ष चुना गया।

बैठक के दौरान विद्यालय के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए दो उप-समितियों—भवन निर्माण समिति एवं शैक्षणिक समिति—का भी गठन किया गया। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम तथा अन्य विकासात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर अभिभावकों के साथ विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी सदस्यों एवं वक्ताओं ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने और हरसंभव सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार त्रिपाठी ने बैठक को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, समिति सदस्यों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का सर्वांगीण विकास सभी के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवगठित समिति विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





