संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय……

जुगैल थाना पुलिस ने महुआ चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया 40 किलोग्राम महुआ, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने के उपकरण तथा एक नुकीला पंच बरामद किया गया है। जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम निवारी टोला खड़िया निवासी चंद्रवती केवट के घर के दो दरवाजों के ताले तोड़कर करीब 40 किलोग्राम महुआ चोरी कर लिया गया था। चोरी के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीड़िता और ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उनका पीछा किया। सूचना मिलते ही जुगैल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के सिंगरौली जनपद के ग्राम रमडीहा निवासी अम्बुज तिवारी उर्फ सोनू तिवारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का 40 किलोग्राम महुआ, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने वाली लोहे की रॉड तथा लोगों के हमले से बचाव के लिए रखा गया एक नुकीला पंच बरामद किया गया।
इस संबंध में थाना जुगैल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(3) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में जुगैल थाना पुलिस द्वारा की गई।





